नर्मदापुरम। पिपरिया-नर्मदापुरम स्टेट हाईवे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में टवेरा कार के परखच्चे उड़ गए।
पुलिस के अनुसार, सभी लोग बुदनी में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। रात करीब 1 बजे आंचलखेड़ा के पास क्रॉसिंग पर उनकी टवेरा कार अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 5 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
घटना के बाद पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी मृतक और घायल महेंद्रवाड़ी और माखननगर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
हादसे में इनकी मौत
हरि सिंह यादव (57), विनीत यादव (22), साहिल यादव (19), शुभम मोरप्पा (18) और संतोष प्रजापति की इस हादसे में जान चली गई।
मौके पर बिखरे वाहन के पुर्जे
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के टायर दूर खेत में जा गिरे, जबकि टवेरा कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस को शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।