जबलपुर। गौर-पड़रिया गांव में एक शादी उस समय खास बन गई, जब दुल्हन की विदाई हेलिकॉप्टर से कराई गई। इस अनोखे नजारे को देखने के लिए पूरे गांव के लोग उमड़ पड़े और हर कोई इसे देखने के लिए उत्साहित नजर आया।
जानकारी के अनुसार, गांव के मालगुजार गोकल पटेल (अप्पू) ने अपने बेटे अर्पित पटेल की शादी को यादगार बनाने के लिए यह खास इंतजाम किया। 25 अप्रैल को नुनसर स्थित अंश मैरिज गार्डन में अर्पित का विवाह ग्राम भीटा निवासी संतोष पटेल की बेटी मोनिका के साथ हुआ।
हेलिकॉप्टर बना चर्चा का केंद्र
रविवार सुबह विदाई के दौरान दूल्हा-दुल्हन हेलिकॉप्टर में सवार होकर गौर-पड़रिया पहुंचे। जैसे ही हेलिकॉप्टर गांव में उतरा, उसे देखने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई। कई ग्रामीणों ने पहली बार हेलिकॉप्टर को इतने करीब से देखा, जिससे उत्साह और भी बढ़ गया।
शाही अंदाज में स्वागत
गांव पहुंचने पर नवदंपती का भव्य स्वागत किया गया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बहू का गृह प्रवेश कराया गया। इस अनोखी विदाई को लोग “रॉयल विदाई” कह रहे हैं और पूरे क्षेत्र में इसकी चर्चा हो रही है।
पिता ने पूरी की बेटे की इच्छा
दूल्हे के पिता गोकल पटेल ने बताया कि उनके बेटे की इच्छा थी कि शादी कुछ अलग और यादगार हो, इसलिए हेलिकॉप्टर की व्यवस्था की गई।