जबलपुर। शहर में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लॉर्डगंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके पास से 11 चोरी के वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई थी। टीम को वाहन चोरी करने वालों की तलाश करने और घटनाओं पर रोक लगाने की जिम्मेदारी दी गई थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वरुण उर्फ कृष्णा (19), निवासी यादव कॉलोनी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने शहर के अलग-अलग इलाकों से 11 वाहन चोरी करना कबूल किया।
पुलिस ने उसके पास से 5 स्कूटी और 6 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इनमें से 5 वाहन लॉर्डगंज क्षेत्र से चोरी किए गए थे, जबकि बाकी 6 वाहन शहर के अन्य थाना क्षेत्रों से चुराए गए थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी मदनमहल थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में पकड़ा जा चुका है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वह और किन वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस का कहना है कि शहर में इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।