जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में मोबाइल हैक कर ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित राजेश कुमार सैनी (55), निवासी सीओडी कॉलोनी, लाल बाबा मंदिर के पास, धनवंतरी नगर ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज कराई है।
पीड़ित ने बताया कि वह LIC में नौकरी करते हैं। 24 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3 बजे उनका मोबाइल जमीन पर गिर गया था, जिससे वह बंद हो गया। मोबाइल 25 मार्च तक बंद रहा। इसके बाद जब उन्होंने रात में मोबाइल चार्ज पर लगाया, तो वह चालू हो गया, लेकिन उनका मोबाइल रीसेट हो चुका था और सारा डेटा गायब था।
जब उन्होंने Paytm ऐप दोबारा डाउनलोड कर लॉगिन किया, तो पता चला कि उनके UPI के जरिए 24 मार्च को दो बार में कुल 78 हजार रुपये अज्ञात लोगों के खातों में ट्रांसफर कर दिए गए हैं।
इसके बाद पीड़ित ने बैंक कस्टमर केयर और साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत की। उनका कहना है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल हैक कर UPI का गलत इस्तेमाल करते हुए यह ठगी की है।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।