इंदौर। रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या करवा दी। पुलिस ने इस मामले में पत्नी समेत 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है।
मृतक की पहचान नवीन पाटीदार के रूप में हुई है। 12 अप्रैल की शाम वह राऊ इलाके में घर से निकला था। इसी दौरान पहले से घात लगाए हमलावरों ने उसके सिर के पीछे गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच में सामने आया कि हत्या के लिए करीब 70 हजार रुपये की सुपारी दी गई थी। वारदात में देशी पिस्टल का इस्तेमाल किया गया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, नवीन की पत्नी भारती पाटीदार और उसका प्रेमी राहुल उईके इस पूरी साजिश के मास्टरमाइंड हैं। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और उन्होंने मिलकर हत्या की योजना बनाई।
इस साजिश में देवास के मुकेश कुमावत को शामिल किया गया, जिसने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने पहले नवीन की रेकी की और फिर सही मौके पर हमला किया।
पुलिस ने भारती, मुकेश, श्रीराम और अजय को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी राहुल अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।