नर्मदापुरम। इटारसी रोड स्थित एक गार्डन में शादी समारोह के दौरान 10 साल के बच्चे की कलाई में बंधी स्मार्ट वॉच अचानक फट गई। इस हादसे में बच्चे का हाथ झुलस गया, वहीं पास बैठे उसके जुड़वां भाई को भी हल्की चोट आई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम चांदोन निवासी जुड़वां भाई वेदांत चौधरी और सूर्यांश चौधरी अपने परिजनों के साथ शादी समारोह में शामिल होने आए थे। रात करीब 11 बजे दोनों एक साथ बैठे थे, तभी वेदांत की कलाई में बंधी स्मार्ट वॉच में अचानक हल्का विस्फोट हो गया।
धमाके के चलते वेदांत के हाथ का हिस्सा झुलस गया, जबकि पास बैठे उसके भाई सूर्यांश का हाथ भी इसकी चपेट में आ गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन तुरंत बच्चों के पास पहुंचे।
दोनों बच्चों को रात करीब 1:30 बजे नर्मदा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। राहत की बात यह रही कि चोटें ज्यादा गंभीर नहीं थीं, जिसके चलते प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया गया।
इस घटना के बाद लोगों में स्मार्ट गैजेट्स की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।