जबलपुर - पश्चिम मध्य रेलवे के केंद्रीय अस्पताल के ICU में मंगलवार सुबह अचानक आग लगने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई, लेकिन कर्मचारियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार 31 जनवरी की सुबह ICU में लगे एसी कंप्रेसर से गैस लीक होने लगी, जिससे आग भड़क उठी। आग लगते ही वहां भर्ती मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल स्टाफ में घबराहट फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा गार्डों ने तुरंत RPF को जानकारी दी। RPF के एएसआई धीरज कुमार मौके पर पहुंचे और रेल कर्मचारियों ऋषभ शर्मा व जोगेंद्र विश्वकर्मा के साथ मिलकर आग बुझाने का काम शुरू किया। सभी की तेजी और समझदारी से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया।
इस दौरान ICU प्रभारी रीता पटेल भी मौके पर मौजूद रहीं और स्थिति को संभालने में सहयोग किया।
घटना के कारण कुछ समय के लिए अस्पताल में हड़कंप की स्थिति बनी रही, लेकिन समय पर कार्रवाई होने से किसी भी तरह की बड़ी जनहानि नहीं हुई। कर्मचारियों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।