जबलपुर - सिविल लाइन थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
मृतक की पहचान ललित कॉलोनी निवासी 34 वर्षीय विकेश उर्वा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विकेश सुबह अपने घर के बाहर बैठकर अखबार पढ़ रहे थे, तभी तेज रफ्तार सफेद कार (MP20 CL 0537) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।
मृतक के भाई के अनुसार, वह नाइट ड्यूटी से लौटकर ऊपर कमरे में सो रहा था। अचानक शोर सुनकर नीचे आया तो देखा कि उसका भाई कार के नीचे दबा हुआ था। उसका सिर बाहर की ओर था, जबकि शरीर का बाकी हिस्सा कार के नीचे फंसा हुआ था।
हादसे के बाद विकेश करीब 15 से 20 मिनट तक कार और दुकान के शटर के बीच फंसा रहा। आसपास के लोगों की मदद से उसे बाहर निकालकर निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे में दुर्गेश नाम का 12 वर्षीय बालक भी घायल हुआ है, जिसका निजी अस्पताल में इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद चालक ने ब्रेक फेल होने की बात कही, लेकिन स्थानीय लोगों को शक है कि वह नशे में था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।