जबलपुर - नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार के निर्देश पर चंचला बाई कॉलेज के सामने स्थित विशाल मेगा मार्ट पर सख्त कार्रवाई की गई। नियमों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते संस्थान को सील कर दिया गया।
यह कार्रवाई अपर आयुक्त अंजू सिंह के नेतृत्व में की गई। मौके पर अतिक्रमण अधिकारी मनीष तड़से, बाजार अधीक्षक राजेंद्र दुबे और अग्निशमन विभाग की टीम मौजूद रही। अग्निशमन विभाग की ओर से कुशाग्र ठाकुर भी अपनी टीम के साथ तैनात रहे। कार्रवाई के दौरान नगर निगम का अतिक्रमण दल भी व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौजूद रहा।
विभागीय जानकारी के अनुसार, विशाल मेगा मार्ट में लंबे समय से जरूरी नियमों और अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। प्रशासन द्वारा पहले भी कई बार निर्देश दिए गए थे, लेकिन सुधार नहीं होने पर यह सख्त कदम उठाया गया।
नगर निगम का कहना है कि जनता की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। जो भी संस्थान नियमों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।