akhbaar update

रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी सुविधा

 



जबलपुर. मध्य प्रदेश के आदिवासी अंचल में रेल यात्रियों के लिए जल्द ही एक बड़ी सुविधा शुरू होने जा रही है। जबलपुर से मंडला फोर्ट तक सफर करने वाले यात्रियों को अब नैनपुर स्टेशन पर ट्रेन बदलने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। रेलवे ने जबलपुर-नैनपुर और नैनपुर-मंडला फोर्ट के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेनों को मिलाकर एक ही ट्रेन के रूप में चलाने का प्रस्ताव तैयार किया है।

रेलवे बोर्ड से इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। अब जोन स्तर पर नई समय-सारिणी तैयार की जा रही है। जैसे ही नई टाइम टेबल लागू होगी, यात्रियों को जबलपुर से मंडला फोर्ट तक सीधे पैसेंजर ट्रेन की सुविधा मिलने लगेगी। इससे यात्रियों का समय बचेगा और यात्रा पहले से अधिक आसान हो जाएगी।

वर्तमान में दो भागों में चलती हैं ट्रेनें

अभी तक जबलपुर से मंडला फोर्ट तक जाने के लिए यात्रियों को दो अलग-अलग ट्रेनों का सहारा लेना पड़ता है। वर्तमान व्यवस्था में पश्चिम मध्य रेलवे की पैसेंजर ट्रेन जबलपुर से नैनपुर तक चलती है। इसके बाद उसी रैक को नया नंबर देकर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नैनपुर से मंडला फोर्ट तक चलाता है। इस व्यवस्था के कारण यात्रियों को नैनपुर स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ता है। कई बार ट्रेन के बीच में काफी अंतराल होने के कारण यात्रियों को घंटों स्टेशन पर रुकना पड़ता है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद इन दोनों हिस्सों को मिलाकर एक ही ट्रेन बना दी जाएगी। इससे जबलपुर से मंडला फोर्ट तक सीधे ट्रेन चल सकेगी और यात्रियों को बार-बार ट्रेन बदलने की परेशानी नहीं होगी।

यात्रियों को मिलेगा बेहतर रेल कनेक्टिविटी

ट्रेनों के मर्जर के बाद यात्रियों को जबलपुर से मंडला फोर्ट तक बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। अन्य शहरों से जबलपुर आने वाले यात्रियों के लिए भी यह सुविधा काफी उपयोगी साबित होगी। यदि कोई यात्री भोपाल, इंदौर, कटनी या अन्य शहरों से जबलपुर पहुंचता है तो उसे मंडला जाने के लिए अलग ट्रेन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वह सीधे उसी पैसेंजर ट्रेन से मंडला फोर्ट तक सफर कर सकेगा। इससे यात्रियों का समय भी बचेगा और यात्रा अधिक आरामदायक होगी। खासकर रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा।

नैनपुर स्टेशन पर कम करना होगा इंतजार

अभी की व्यवस्था में कई बार यात्रियों को नैनपुर स्टेशन पर पूरी रात तक इंतजार करना पड़ता है। उदाहरण के तौर पर जबलपुर से शाम 6:55 बजे चलने वाली पैसेंजर ट्रेन रात करीब 11 बजे नैनपुर पहुंचती है और वहीं समाप्त हो जाती है। इसके बाद वही ट्रेन अगले दिन तड़के करीब 3:45 बजे मंडला फोर्ट के लिए रवाना होती है। इस कारण मंडला जाने वाले यात्रियों को पूरी रात स्टेशन पर बितानी पड़ती है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह ट्रेन सीधे जबलपुर से मंडला फोर्ट तक जाएगी। इससे यात्रियों को रातभर इंतजार करने की समस्या से राहत मिलेगी।

यह है प्रस्तावित ट्रेन मर्जर योजना

जबलपुर-नैनपुर (51703) और नैनपुर-मंडला (51709) को मिलाकर जबलपुर-मंडला (51703) बनाया जाएगा।

मंडला-नैनपुर (51710) और नैनपुर-जबलपुर (51704) को मिलाकर मंडला-जबलपुर (51704) बनाया जाएगा।

जबलपुर-नैनपुर (51705) और नैनपुर-मंडला (51711) को मिलाकर जबलपुर-मंडला (51705) बनाया जाएगा।

मंडला-नैनपुर (51712) और नैनपुर-जबलपुर (51706) को मिलाकर मंडला-जबलपुर (51706) बनाया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update