akhbaar update

गुरुग्राम की ग्लोबल सिग्नेचर सोसाइटी में हादसा, मिट्टी की दीवार ढही; 7 श्रमिकों की मौत





 गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन प्रोजेक्ट की मिट्टी की दीवार अचानक ढहने से सात मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के काम के दौरान हादसा

जानकारी के अनुसार गुरुग्राम स्थित ग्लोबल सिग्नेचर सोसाइटी में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कार्य चल रहा था। सोमवार रात करीब आठ बजे बेसमेंट में खुदाई के दौरान मिट्टी की दीवार अचानक ढह गई। इस दौरान वहां काम कर रहे करीब दस मजदूर मिट्टी के नीचे दब गए। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

भिवाड़ी अस्पताल में पहुंचाए गए मृतक और घायल

हादसे की जगह हरियाणा-राजस्थान सीमा के पास होने के कारण घायलों और मृतकों को नजदीक स्थित राजस्थान के भिवाड़ी सरकारी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर सागर अरोड़ा के अनुसार अस्पताल में सात मजदूरों को मृत घोषित किया गया है, जबकि तीन घायलों का इलाज जारी है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है।

परिजनों में आक्रोश, लापरवाही के आरोप

घटना की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन अस्पताल और निर्माण स्थल पर पहुंचने लगे। परिजनों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। उनका कहना है कि उन्हें घटनास्थल के अंदर जाने नहीं दिया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और राहत-बचाव कार्य जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update