जबलपुर। शहर की पहचान मानी जाने वाली ऐतिहासिक मदन महल पहाड़ी पर 7 मार्च शनिवार सुबह से प्रशासन की बड़ी कार्रवाई शुरू हुई। माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के बाद जिला प्रशासन ने क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए अभियान चलाया है। नगर निगम, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई कर रही है।
आईसीएमआर के पास तैनात की गई मशीनरी
पहाड़ी के निचले और मध्य हिस्सों में बने अवैध निर्माणों को हटाने के लिए पुरवा क्षेत्र स्थित आईसीएमआर कार्यालय के पास भारी मशीनरी तैनात की गई । प्रशासनिक अमला जेसीबी मशीनों और डंपरों के साथ मौके पर पहुंचा है। पूर्व में की गई निशानदेही के आधार पर अवैध मकानों और बाउंड्री वॉल को गिराने की कार्रवाई तेजी से की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य पहाड़ी की मूल भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराना है।
सुरक्षा के इंतजाम और पुलिस मौजूद
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों के साथ महिला पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद हैं। प्रशासन ने पहले ही मुनादी कर लोगों को कार्रवाई की जानकारी दे दी थी।
प्रशासन का कहना है कि ऐतिहासिक मदन महल क्षेत्र के पर्यावरण और इसकी प्राचीन पहचान को सुरक्षित रखने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है। अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं।