जबलपुर। कुण्डम थाना क्षेत्र में अंधविश्वास के चलते एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। जादू-टोना करने के शक में आरोपियों ने पहले युवक के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और बाद में कुल्हाड़ी से उसका गला काट दिया। हत्या के बाद शव और सिर अलग-अलग स्थानों पर मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मारपीट के बाद जबरन साथ ले गए आरोपी
पुलिस के अनुसार ग्राम बिसनपुरा निवासी नन्हेलाल यादव (50) ने बताया कि 4 मार्च की शाम करीब 4 बजे वह अपनी गाय और अन्य मवेशियों को जंगल से चराकर घर लौट रहा था। तभी अपने भाई भूरा यादव के घर के पास उसने देखा कि मधुशाह और पिट्टी यादव जादू-टोना करने के शक में भूरा यादव के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से मारपीट कर रहे थे।
नन्हेलाल और उसका बेटा सुरेश यादव जब बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। इस दौरान नन्हेलाल के सिर और चेहरे पर चोट आई, जबकि सुरेश यादव की बाईं आंख में डंडे से चोट लग गई। इसके बाद आरोपी भूरा यादव को जान से मारने की धमकी देते हुए जबरन अपने साथ ले गए।
अगले दिन मिला सिर कटा शव
घटना के बाद डर के कारण नन्हेलाल अपने बेटे के साथ घर लौट गया। अगले दिन 5 मार्च की सुबह जब वह भाई के घर पहुंचा तो भूरा यादव नहीं मिला। उसकी तलाश जारी थी। इसी दौरान 6 मार्च की दोपहर बरापानी हार क्षेत्र में एक शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर देखा तो शव भूरा यादव का था, जिसका सिर कटा हुआ था।
तलाश करने पर शव का सिर महेशपुरी हार में बड़ी लाइन टावर के पास मिला।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कुण्डम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।