जबलपुर। शहर में मार्च के पहले सप्ताह में ही गर्मी का असर दिखने लगा है। तापमान लगातार बढ़ रहा है और मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है।
स्थानीय मौसम वेधशाला के अनुसार 6 मार्च को शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 4 डिग्री ज्यादा है। आमतौर पर मार्च के पहले पखवाड़े में तापमान 30 से 32 डिग्री के आसपास रहता है।
पिछले साल की तुलना में इस बार गर्मी जल्दी बढ़ती नजर आ रही है। 6 मार्च 2025 को शहर का अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
वहीं शुक्रवार सुबह शहर का न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 1 डिग्री अधिक है। पिछले साल इसी दिन न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस था।
मौसम विभाग के अनुसार शहर में हवा में नमी भी कम हो रही है। सुबह के समय नमी 45 प्रतिशत दर्ज की गई, जो शाम तक घटकर 26 प्रतिशत रह गई।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पूर्वी मध्यप्रदेश में अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।