जबलपुर। जबलपुर-भोपाल हाईवे पर शहपुरा के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
पुलिस के अनुसार विनीता सेन (45) अपने पति गणेश सेन के साथ मोटरसाइकिल से शहपुरा रोड की ओर से आ रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि विनीता सेन को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना में गणेश सेन सहित चार अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग व राहगीर मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलने पर घायलों को तुरंत शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने जबलपुर-भोपाल रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब दो घंटे तक चले जाम के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस की समझाइश के बाद लोग शांत हुए, जिसके बाद यातायात फिर से शुरू कराया गया।