जबलपुर। आधारताल क्षेत्र में गुरुवार बहुत सुबह करीब साढ़े चार बजे भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग फर्नीचर की दुकानों और एक कारखाने में लगी, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आसपास के लोगों ने जब धुआं और लपटें उठती देखीं तो तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी।
बताया जा रहा है कि आग की शुरुआत ‘साहू फर्नीचर’ और उससे जुड़े कारखाने से हुई। फर्नीचर में लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते पास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान ‘क्लासिक फर्नीचर’ सहित अन्य प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान हुआ।
सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी। आग की गंभीरता को देखते हुए कुल 7 फायर ब्रिगेड वाहन और 8 पानी के टैंकर मौके पर लगाए गए। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लगातार पानी की बौछार कर आग को आसपास के इलाकों में फैलने से रोका गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
मौके पर मौजूद एक दुकान संचालक ने बताया कि उसकी दुकान में रखा पूरा फर्नीचर जलकर राख हो गया, जिससे उसे करीब 10 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं ‘क्लासिक फर्नीचर’ को अकेले लगभग 1 करोड़ रुपए तक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। अन्य दुकानदारों को भी लाखों रुपए की क्षति पहुंची है।
घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोग अपने स्तर पर भी आग बुझाने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन आग की तीव्रता के आगे उनकी कोशिशें नाकाफी साबित हुईं।
फायरमैन राजेश ने बताया कि समय रहते टीम के पहुंचने और लगातार प्रयासों की वजह से आग को अन्य क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया गया, नहीं तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की असली वजह सामने आएगी।