जबलपुर - घमापुर थाना क्षेत्र में देर रात फायरिंग की घटना सामने आई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। चुंगी चौकी से कांचघर चौक के बीच एक युवक पर गोली चलाई गई, जिसमें वह घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक घटना रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच की है। यश थराट नाम के युवक पर बाबू सिंधी और निखिल कंजा ने फायरिंग की। दोनों आरोपी कथित तौर पर छोटू चौबे गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। गोली लगने के बाद आसपास के लोगों ने घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही घमापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र में घेराबंदी कर स्थिति को संभाला। पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
जांच में यह बात सामने आई है कि यश थराट और बाबू सिंधी के बीच करीब एक साल से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।