akhbaar update

जबलपुर में बिजली अधिकारी पर मनमानी का आरोप, बिना नोटिस काटी बिजली, उपभोक्ता ने की शिकायत


जबलपुर। शहर के गोरखपुर क्षेत्र स्थित हवाबाग की प्रगतिशील कॉलोनी में बिजली विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगे हैं। एक उपभोक्ता ने शिकायत की है कि बिना नोटिस दिए उसका बिजली कनेक्शन काट दिया गया और परिवार के साथ अभद्र व्यवहार किया गया।

प्रगतिशील कॉलोनी निवासी चंद्रशेखर सिंह के अनुसार, बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने बिना किसी पूर्व सूचना के उनके घर की बिजली सप्लाई बंद करवा दी। जबकि उनका केवल 1 से 1.5 महीने का ही बिल बकाया था।

पीड़ित का कहना है कि नियम के अनुसार कनेक्शन काटने से पहले नोटिस देना जरूरी होता है, लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिल जमा करने के बाद भी उन्हें राहत नहीं मिली और बार-बार ऑफिस के चक्कर लगाने पड़े।

मामले में यह भी सामने आया है कि कुछ समय पहले कॉलोनी में किसी बात को लेकर उपभोक्ता और अधिकारी के बीच विवाद हुआ था। पीड़ित का आरोप है कि उसी रंजिश के चलते यह कार्रवाई की गई।

बिजली काटने पहुंचे कर्मचारियों, जिनमें कनिष्ठ अभियंता गौतम मुखर्जी और अरुण कुमार मालवीय शामिल थे, पर भी अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगे हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि घर की महिलाओं के साथ भी गलत भाषा का इस्तेमाल किया गया।  घटना के समय परिवार पहले से ही कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा था। घर में शोक का माहौल था और बच्चों की परीक्षाएं भी चल रही थीं, इसके बावजूद अधिकारियों ने कोई सहानुभूति नहीं दिखाई।

इस मामले में चंद्रशेखर सिंह ने ओमती थाना में शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही एसपी कार्यालय में भी आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि भविष्य में किसी भी उपभोक्ता के साथ इस तरह की घटना न हो।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update