akhbaar update

जबलपुर में शेयर मार्केट के नाम पर 2.27 करोड़ की ठगी, गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार




जबलपुर। शहर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक महिला से शेयर बाजार में निवेश के नाम पर करीब 2 करोड़ 27 लाख रुपए ठग लिए गए। मामले में साइबर सेल और क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों ने महिला को लालच दिया कि निवेश करने पर रोजाना 5% मुनाफा मिलेगा और कुछ समय में पैसा 500% तक बढ़ जाएगा। शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म इन्वेस्टमेंट के नाम पर महिला को भरोसे में लेकर उससे बड़ी रकम ट्रांसफर करवाई गई।

जांच में सामने आया कि ठगों ने फर्जी कंपनियां बनाकर कई बैंक खाते खुलवा रखे थे। इन खातों के जरिए ठगी की रकम अलग-अलग जगह भेजी जाती थी, ताकि पुलिस को पकड़ने में मुश्किल हो। एक ही खाते से करीब 20 लाख रुपए अन्य साथियों को ट्रांसफर किए गए।

मुख्य आरोपी अभिषेक विश्वकर्मा को नागपुर सेंट्रल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया गया। वह पहले भी नागपुर और मुंबई में साइबर ठगी के मामलों में शामिल रहा है। इसके अलावा रोहित भगोरिया और तरुण नाम के आरोपियों को भी पकड़ा गया है।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) जितेंद्र सिंह और सीएसपी अंजुल अयंक मिश्रा की टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। फिलहाल तीनों से पूछताछ जारी है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ज्यादा मुनाफे के लालच में न आएं। अनजान लोगों या सोशल मीडिया के जरिए निवेश करने से बचें और केवल भरोसेमंद प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें। किसी भी तरह की ठगी की आशंका होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update