जबलपुर - सिविल लाइन इलाके में हेड पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी भरा ईमेल मिलते ही पूरे परिसर में अलर्ट जारी कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए और पूरे इलाके को घेर लिया गया। करीब एक घंटे तक पोस्ट ऑफिस के सभी हिस्सों और पासपोर्ट ऑफिस में सघन तलाशी ली गई।
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12:10 बजे एक ईमेल के जरिए ब्लास्ट की चेतावनी दी गई थी। जैसे ही अधिकारियों ने मेल देखा, तुरंत पुलिस को जानकारी दी गई और सुरक्षा बढ़ा दी गई।
जांच के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध चीज नहीं मिली, जिसके बाद राहत की खबर आई और धमकी को फर्जी माना गया। हालांकि सुरक्षा के तौर पर पार्सलों की जांच मेटल डिटेक्टर से करने के निर्देश दिए गए हैं।
ईमेल में मध्य प्रदेश के अन्य पासपोर्ट कार्यालयों का भी जिक्र किया गया था, जिससे सुरक्षा एजेंसियां और ज्यादा सतर्क हो गई हैं। फिलहाल पुलिस इस ईमेल को भेजने वाले की तलाश में जुटी है।