जबलपुर - लोकायुक्त टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आरटीओ विभाग के एक आरक्षक और उसके सहयोगी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, एक वाहन मालिक की गाड़ियां बरगी रोड से दूसरे राज्यों में सामान लेकर आती-जाती हैं। इसी दौरान एक गाड़ी को बिना परेशानी के निकलने देने के बदले आरटीओ आरक्षक और उसके साथी ने 4500 रुपये की मांग की थी।
वाहन मालिक और चालक ने इसकी शिकायत लोकायुक्त कार्यालय में की। शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया।
जैसे ही आरोपी के इशारे पर उसके साथी ने रिश्वत की रकम ली, लोकायुक्त टीम ने तुरंत दोनों को पकड़ लिया। उनके पास से पैसे भी बरामद किए गए।
फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है और आगे की जांच जारी है।