जबलपुर - एक निजी अस्पताल पर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। गढ़ा थाना क्षेत्र स्थित स्मार्ट सिटी अस्पताल पर आरोप है कि इलाज में लापरवाही के कारण मरीजों की हालत बिगड़ी और बाद में उनके पैर काटने पड़े।
जानकारी के मुताबिक सड़क हादसे में घायल बसंती मल्लाह, सुकून बाई और राजू मल्लाह को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि जब उन्हें अस्पताल लाया गया था, तब पैरों में हलचल थी, लेकिन सही इलाज नहीं किया गया।
आरोप है कि डॉक्टरों ने केवल प्लास्टर बांधकर घाव को ठीक से नहीं देखा, जिससे इंफेक्शन बढ़ता गया। बाद में हालात इतने खराब हो गए कि दोनों महिलाओं के पैर काटने पड़े। पीड़ितों का कहना है कि यह सब लापरवाही और गलत इलाज की वजह से हुआ।
इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव आशीष मिश्रा अपने साथियों के साथ एसपी ऑफिस पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
पीड़ितों ने प्रशासन को दी शिकायत में बताया कि हादसा एक ट्रक की टक्कर से हुआ था, जिसके बाद उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। उनका कहना है कि वे इलाज के लिए गए थे, लेकिन अब जिंदगीभर के लिए परेशान हो गए हैं।
फिलहाल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है और जांच की बात कही है। पीड़ित अब न्याय की उम्मीद में अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं।