जबलपुर - माढ़ोताल थाना क्षेत्र स्थित जबालीपुरम कॉलोनी में देर रात फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मॉपेड सवार दो नकाबपोश युवकों ने सरेराह गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए।
घटना रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। बिहार के सीवान जिले के फुलवरिया गांव निवासी 40 वर्षीय हीरालाल यादव, जो जबालीपुरम में निर्माण कार्य की देखरेख करते हैं, ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। घटना के समय वह अपने साथी मार्केन्डे कुमार सिंह के साथ निर्माणाधीन मकान के पास थे। तभी अचानक तेज आवाज सुनाई दी।
दोनों जब सड़क की ओर पहुंचे तो मॉपेड पर सवार दो युवक नजर आए। कुछ ही देर बाद फिर फायरिंग जैसी आवाज आई। आरोपियों के भागने के बाद मौके पर जांच करने पर सड़क पर दो स्थानों से कारतूस के खोखे मिले।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों हमलावरों ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था, ताकि उनकी पहचान न हो सके।
माढ़ोताल थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।