जबलपुर। कैंट थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने का मामला सामने आया है। एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद के बहाने मेंस पार्लर संचालक का एटीएम कार्ड बदल लिया और उसके बैंक खाते से 59 हजार 300 रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने शनिवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार अधारताल के संजय नगर निवासी रोहित सेन की सदर गली नंबर-9 में मेंस पार्लर की दुकान है। कुछ दिन पहले वह दोपहर के समय सदर मुख्य मार्ग स्थित बैंक के एटीएम पर पैसे निकालने गया था। उसने मशीन से 500 रुपये निकालने की कोशिश की, लेकिन कई बार प्रयास करने के बाद भी पैसे नहीं निकले।
इसी दौरान वहां खड़े एक व्यक्ति ने मदद करने की बात कहकर उसका एटीएम कार्ड लिया और मशीन में लगाया। उसने रोहित से पिन नंबर डालने के लिए कहा। रोहित ने उसके सामने ही पिन नंबर दर्ज कर दिया। इसके बाद 500 रुपये निकल गए और वह व्यक्ति कार्ड वापस देकर वहां से चला गया।
रोहित अपनी दुकान लौट आया। कुछ देर बाद उसके मोबाइल पर बैंक से लगातार संदेश आने लगे। जब उसने देखा तो पता चला कि उसके खाते से 59 हजार 300 रुपये निकाल लिए गए हैं, जबकि उसने सिर्फ 500 रुपये ही निकाले थे।
तब उसे समझ आया कि अज्ञात व्यक्ति मदद के बहाने उसका एटीएम कार्ड बदलकर ले गया और उसी से पैसे निकाल लिए। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।