जबलपुर। सिवनी जिले के पलारी गांव के सरपंच को रिश्वत लेते हुए आर्थिक अपराध अन्वेषण प्रकोष्ठ की टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया। सरपंच ने एक व्यक्ति से जमीन पर टपरिया बनाने की अनुमति देने के बदले 15 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार पलारी गांव में चूना भट्टी के पास रहने वाले शिवचरण नगवंशी खाली जमीन पर टपरिया बना रहे थे। इस दौरान ग्राम सरपंच रामगोपाल डेहरिया ने आपत्ति जताते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया। बाद में बातचीत के दौरान सरपंच ने टपरिया बनाने की अनुमति देने के लिए 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
पीड़ित ने सरपंच को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद शिवचरण नगवंशी ने इसकी शिकायत आर्थिक अपराध अन्वेषण प्रकोष्ठ जबलपुर में कर दी। शिकायत की जांच के बाद टीम ने जाल बिछाकर सोमवार को कार्रवाई की और सरपंच रामगोपाल डेहरिया को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली है। फिलहाल आर्थिक अपराध अन्वेषण प्रकोष्ठ मामले की आगे जांच कर रहा है।