जबलपुर। शहर के मालवीय चौक पर रविवार रात भारतीय क्रिकेट टीम की जीत का जश्न कुछ युवकों के लिए हुड़दंग में बदल गया। उत्साह में बहककर युवकों ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और शिक्षाविद पंडित मदनमोहन मालवीय की प्रतिमा के साथ अभद्र व्यवहार किया। कुछ युवक जूते पहने हुए ही प्रतिमा पर चढ़ गए और उसके शीर्ष भाग पर बैठकर शोर-शराबा करने लगे। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शहर में नाराजगी का माहौल बन गया है।
प्रतिमा पर चढ़कर किया दुर्व्यवहार
जानकारी के अनुसार रविवार रात मैच में भारत की जीत के बाद शहर के कई इलाकों में जश्न मनाया जा रहा था। इसी दौरान कुछ युवक मालवीय चौक पहुंचे और वहां स्थापित पंडित मदनमोहन मालवीय की प्रतिमा पर चढ़ गए। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक जूते पहनकर प्रतिमा के सिर पर बैठे हैं और हंगामा कर रहे हैं। वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने यह वीडियो बनाकर इंटरनेट पर साझा कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से फैल गया और लोगों ने इसे शहर की सांस्कृतिक गरिमा के खिलाफ बताया।
पुलिस से झूमाझटकी, वर्दी भी फाड़ी
बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवकों को रोकने की कोशिश की तो कुछ युवकों ने उनसे झूमाझटकी कर दी। इस दौरान पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फाड़ दी गई। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और वीडियो के आधार पर हुड़दंगियों की पहचान की जा रही है।
आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
पंडित मदनमोहन मालवीय बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के संस्थापक और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के चार बार अध्यक्ष रहे थे। उनके सम्मान से जुड़ी प्रतिमा के साथ इस तरह के व्यवहार से शहर के सामाजिक संगठनों और नागरिकों में नाराजगी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए महापुरुषों की प्रतिमाओं के पास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी बढ़ाने की भी मांग की गई है।