जर्जर तारों की शिकायत के बावजूद नहीं हुई मरम्मत, मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर बिजली कार्यालय में हंगामा
जबलपुर - कुंडम थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरझौर गांव में बिजली विभाग की लापरवाही के कारण बड़ा अग्निकांड हो गया, जहां खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन में अचानक हुई तेज स्पार्किंग से निकली चिंगारियां सूखी गेहूं की पकी फसल पर गिर गईं और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया,
जिससे करीब 2 एकड़ से अधिक क्षेत्र में खड़ी पूरी फसल जलकर राख हो गई, घटना के दौरान ग्रामीणों और किसानों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की भरपूर कोशिश की लेकिन तेज हवा और भीषण लपटों के कारण वे सफल नहीं हो सके, किसानों का आरोप है कि बिजली के तार लंबे समय से जर्जर हालत में थे और इसकी शिकायत कई बार अधिकारियों से की गई थी,
इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे उनकी सालभर की मेहनत एक ही पल में बर्बाद हो गई, घटना से आक्रोशित किसान बड़ी संख्या में बिजली कार्यालय पहुंचे और जमकर नारेबाजी व हंगामा किया, उन्होंने विभाग के खिलाफ सख्त कार्रवाई और नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजे की मांग की, वहीं पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और मामले की जांच जारी है।