जबलपुर की कृषि उपज मंडी स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया। लोन चुकाने पहुंचे एक युवक को बैंक स्टाफ ने गलती से किसी दूसरे ग्राहक का सोना दे दिया।
जानकारी के मुताबिक युवक ने अपने सोने के बदले बैंक से 5 लाख रुपये का लोन लिया था। शनिवार को लोन चुकाने के बाद जब वह सोना लेने पहुंचा तो बैंक कर्मचारियों ने गलत पैकेट दे दिया। घर पहुंचने पर युवक को गलती का पता चला।
युवक ने तुरंत बैंक मैनेजर से संपर्क किया और मंगलवार को सोना वापस बैंक में जमा करा दिया। कपिल पटेल ने बताया कि उनके भाई शिवम पटेल ने दो साल पहले करीब 7.5 तोला सोना गिरवी रखकर लोन लिया था, जिसे अब पूरा चुका दिया गया है। बैंक की इस गलती को गंभीर लापरवाही माना जा रहा है, हालांकि युवक की ईमानदारी की सराहना हो रही है।