जबलपुर। प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र में पावर जनरेटिंग कंपनी ने नया रिकॉर्ड बनाया है। कंपनी की दो ताप विद्युत इकाइयों ने बिना रुके लगातार बिजली उत्पादन कर उपलब्धि हासिल की है।
अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई की 210 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट नंबर-5 ने लगातार 500 दिन बिजली उत्पादन कर देश के स्टेट सेक्टर में पहला स्थान प्राप्त किया है। यह यूनिट 1 अक्टूबर 2024 से लगातार संचालित हो रही है। इस उपलब्धि पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और अपर मुख्य सचिव ऊर्जा नीरज मंडलोई ने खुशी जताई और इसे कंपनी के इतिहास का बड़ा रिकॉर्ड बताया।
अधिकारियों के अनुसार चचाई यूनिट-5 ने इस दौरान 98.64% प्लांट अवेलेबिलिटी और 95.30% प्लांट लोड फैक्टर हासिल किया, जो तकनीकी दक्षता और बेहतर रखरखाव का परिणाम है।
वहीं सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी की 250 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट नंबर-10 ने भी लगातार 100 दिन बिजली उत्पादन पूरा कर अपनी मजबूती दिखाई है। इस यूनिट ने 100.16% पीएएफ और 92.85% पीएलएफ दर्ज किया।
कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि यह उपलब्धि बेहतर योजना, तकनीकी कौशल और निरंतर निगरानी का नतीजा है, जिससे उपभोक्ताओं को भरोसेमंद बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है।
