akhbaar update

रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना, चाचा अपनी ही नाबालिग भतीजी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया

 



जबलपुर।  हनुमानताल क्षेत्र में दूर के रिश्ते का चाचा अपनी ही नाबालिग भतीजी को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया। बेटी के अचानक लापता होने पर परिजनों ने पहले अपने स्तर पर खोजबीन की, लेकिन जब कहीं कोई सुराग नहीं मिला तो थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।हनुमानताल थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए नाबालिग को भगाकर ले जाने वाले आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को लगातार ट्रैकिंग के बाद रीवा रेलवे स्टेशन से दबोचा गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों और परिचितों से जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान संदेह की सुई दूर के रिश्ते के एक युवक पर गई, जो हाल ही में परिवार के संपर्क में था। पुलिस ने उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह भी अचानक क्षेत्र से गायब है।

 कई जिलों में दबिश, तेलंगाना तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर टीम ने मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में दबिश दी। जांच के दौरान यह भी जानकारी मिली कि आरोपी नाबालिग को लेकर राज्य से बाहर तेलंगाना तक गया था।

पुलिस लगातार आरोपी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी।

इंस्टाग्राम की लत बनी गिरफ्तारी की वजह
थाना प्रभारी एससी बघेल के अनुसार आरोपी को इंस्टाग्राम चलाने की आदत थी। वह लगातार सोशल मीडिया पर सक्रिय था, जिसके चलते उसकी लोकेशन ट्रेस होती रही। डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए पुलिस को उसके मूवमेंट की जानकारी मिलती रही।आखिरकार पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रीवा की ओर जा रहा है। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रीवा रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update