जबलपुर। गुरुवार शाम मदन महल थाना क्षेत्र के रिंग रोड पर एक चौंकाने वाली घटना हुई। कुछ किन्नरों ने एक युवक को “नकली किन्नर” बताकर सरेआम पीट दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद शहर में चर्चा शुरू हो गई है।
जानकारी के अनुसार, किन्नरों को खबर मिली कि एक युवक किन्नर का वेश बनाकर लोगों से पैसे मांग रहा है। इसके बाद किन्नरों का एक समूह कार से मौके पर पहुंचा और युवक को घेर लिया। व्यस्त सड़क पर ही उसके साथ मारपीट की गई। इस दौरान भीड़ भी जमा हो गई। बताया जा रहा है कि मारपीट में युवक के कपड़े भी फट गए।
घटना के बाद किन्नर युवक को अपनी कार में बैठाकर वहां से ले गए। मामले में मदन महल थाना प्रभारी धीरज राज ने कहा कि अभी तक किसी भी पक्ष ने थाने में शिकायत नहीं की है। अगर शिकायत मिलती है, तो जांच कर नियम के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।