akhbaar update

देशी पिस्टल लेकर घूम रहा 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार, पिता के पास दो जिंदा कारतूस होने की जानकारी; पुलिस तलाश में जुटी

 



सिवनी। अवैध हथियार लेकर घूम रहे एक युवक को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से देशी पिस्टल और खाली मैगजीन बरामद हुई है। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पीछा कर रही पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान एक प्रधान आरक्षक को चोटें भी आईं। मामले में पुलिस अब युवक के पिता की तलाश कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, बुधवार दोपहर मुखबिर से सूचना मिली थी कि रानी दुर्गावती वार्ड में अशोक किराना दुकान के पास एक युवक देशी पिस्टल लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा। जवानों ने उसका पीछा किया और घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

आरोपी को पकड़ने के दौरान प्रधान आरक्षक नवीन तिवारी के दाहिने पैर और दोनों हाथों में चोट आई। इसके बावजूद उन्होंने आरोपी को भागने नहीं दिया। तलाशी लेने पर उसके पास से स्टील की बनी देशी पिस्टल और खाली मैगजीन मिली।

पूछताछ में युवक की पहचान मदन उर्फ बादल यादव (19), निवासी रानी दुर्गावती वार्ड के रूप में हुई। उसने पुलिस को बताया कि पिस्टल उसके पिता अजय उर्फ अज्जू कोष्टा ने खरीदी थी। उसके पिता के पास दो जिंदा कारतूस भी होने की जानकारी दी गई है।

पिता के खिलाफ 35 से अधिक मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार, आरोपी का पिता अजय उर्फ अज्जू कोष्टा (45) निगरानी बदमाश है। उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी और मारपीट सहित 35 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और उसकी तलाश की जा रही है।

कोतवाली पुलिस ने मदन और अजय के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 और बीएनएस की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि पिस्टल कहां से खरीदी गई थी और इसका इस्तेमाल किसी आपराधिक वारदात में करने की योजना तो नहीं थी।

पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन और एएसपी दीपक मिश्रा तथा सीएसपी चंचलेश मरकाम के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp