akhbaar update

मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर पर महिला क्लर्क से छेड़छाड़ और अश्लील मैसेज भेजने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मामला

 


जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में कार्यरत एक डॉक्टर के खिलाफ महिला कर्मचारी ने परेशान करने, पीछा करने और मोबाइल पर आपत्तिजनक संदेश भेजने की शिकायत की है। महिला की शिकायत पर लार्डगंज पुलिस ने डॉक्टर अजय सिंह ठाकुर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला क्लर्क का आरोप है कि डॉक्टर पिछले करीब एक साल से उसे परेशान कर रहे थे। वह जब कार्यालय आती-जाती थी, तब उसका पीछा किया जाता था। महिला के मुताबिक, डॉक्टर कई बार उसके केबिन में लंबे समय तक बैठे रहते थे। शुरुआत में उसने इन बातों को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन बाद में कार्यालय के बाहर और घर जाते समय भी पीछा किए जाने लगा।

महिला ने शिकायत में बताया कि डॉक्टर मोबाइल फोन पर लगातार संदेश भेजते थे। इन संदेशों में प्यार का इजहार करने के साथ आपत्तिजनक बातें भी लिखी जाती थीं। महिला ने कई बार उन्हें ऐसा करने से मना किया, लेकिन आरोप है कि इसके बाद भी यह सिलसिला नहीं रुका।

लगातार परेशान होने के बाद महिला ने अपने परिवार को इसकी जानकारी दी। इसके बाद वह परिजनों के साथ लार्डगंज थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। महिला ने पुलिस को मोबाइल पर हुई बातचीत के स्क्रीनशॉट और कॉल रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई हैं।

इस मामले में दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका है। महिला के भाई ने जब डॉक्टर से इस संबंध में बात करने की कोशिश की तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद डॉक्टर रविवार को थाने पहुंचे और महिला के भाई के खिलाफ गाली-गलौज तथा मारपीट की शिकायत दर्ज कराई। वहीं मंगलवार रात महिला ने भी डॉक्टर के खिलाफ अपनी शिकायत दी।

सीएसपी अखिलेश गौर के मुताबिक, महिला की शिकायत और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों पक्षों से जुड़े घटनाक्रम और शिकायतों की जांच कर रही है।

 

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp