जबलपुर। स्वच्छता के मामले में जबलपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छता सर्वेक्षण में संस्कारधानी को देश के दूसरे सबसे स्वच्छ शहर का स्थान मिला है। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जबलपुर को इस उपलब्धि के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया। इस सम्मान को महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, तत्कालीन निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार और वर्तमान निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने ग्रहण किया।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महापौर और नगर निगम के अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की।
22वें स्थान से दूसरे नंबर तक पहुंचा जबलपुर
जबलपुर की इस सफलता के पीछे पिछले कुछ वर्षों से चल रही स्वच्छता मुहिम को अहम माना जा रहा है। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने पद संभालते समय शहर को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने का लक्ष्य रखा था। उस समय स्वच्छता सर्वेक्षण में जबलपुर 22 वें स्थान पर था। इसके बाद शहर ने 13वें और फिर पांचवें स्थान पर जगह बनाई। अब दूसरे स्थान पर पहुंचकर जबलपुर ने अपनी स्थिति मजबूत की है।
कचरे से बिजली बनाने की पहल आई काम
शहर में कचरे के निपटारे के लिए वेस्ट टू एनर्जी प्लांट शुरू किया गया। नगर निगम के अनुसार, जनवरी से मार्च 2026 के बीच इस प्लांट में करीब 3.5 लाख टन कचरे का प्रसंस्करण किया गया। इसके अलावा पुराने कचरे के ढेर हटाकर लगभग 17 एकड़ जमीन को साफ कराया गया। इससे कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिला।
पुरानी चीजों के दोबारा इस्तेमाल पर जोर
नगर निगम ने शहर में थ्री-आर सेंटर भी शुरू किए। यहां पुरानी किताबों, खिलौनों और कपड़ों को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने की व्यवस्था बनाई गई। इसका उद्देश्य इस्तेमाल के लायक वस्तुओं को फेंकने के बजाय दोबारा उपयोग में लाना है।
दिन के साथ रात में भी हुई सफाई
सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सुबह से ही अधिकारियों की टीम अलग-अलग इलाकों का निरीक्षण करती रही। निगमायुक्त सुबह 6 बजे से सफाई कार्यों की निगरानी करते थे। प्रमुख सड़कों और व्यस्त इलाकों में रात के समय भी सफाई कराई गई। इसके साथ ही सड़कों, नालियों और डिवाइडरों को व्यवस्थित करने का काम किया गया।
गंदगी फैलाने और प्लास्टिक इस्तेमाल करने वालों पर कार्रवाई
सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाया गया। प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक की बिक्री और इस्तेमाल रोकने के लिए भी अभियान चलाया गया। नगर निगम ने लोगों को सफाई व्यवस्था में भागीदारी के लिए जागरूक किया।
अब देश में पहला स्थान हासिल करने की तैयारी
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने इस उपलब्धि का श्रेय शहर के नागरिकों, सफाई मित्रों, जनप्रतिनिधियों और नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया। उन्होंने कहा कि दूसरा स्थान पूरे जबलपुर के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। यह सम्मान केवल नगर निगम का नहीं, बल्कि शहर के हर नागरिक का है। अब अगला लक्ष्य जबलपुर को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाना है।
इस अवसर पर निगमाध्यक्ष रिंकू विज, अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, उपायुक्त संभव अयाची और स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
