जबलपुर। होमसाइंस कॉलेज के पास बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात एक लग्जरी कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर खाक हो गया। घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
मदनमहल पुलिस के मुताबिक, पंजाबी हिंदू एसोसिएशन के सामने सड़क किनारे एक लग्जरी कार खड़ी थी। रात करीब 12 बजे अचानक कार से धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में आग की लपटें दिखाई देने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और नगर निगम के दमकल विभाग को सूचना दी।
आग तेजी से फैलती देखकर स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। आसपास खड़ी दूसरी गाड़ियों के आग की चपेट में आने का खतरा था। ऐसे में पुलिस की मदद से वहां खड़े अन्य वाहनों को तत्काल हटाया गया।
सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
दमकल कर्मियों के अनुसार, आग वाहन के अगले हिस्से से शुरू हुई थी और धीरे-धीरे पूरी कार में फैल गई। फिलहाल आग लगने की असली वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
