akhbaar update

दवा दुकान के सामने से युवक का अपहरण, पैसों की मांग पूरी नहीं होने पर स्कॉर्पियो में ले गए आरोपी; मंडला से चार गिरफ्तार

 


जबलपुर। सिविक सेंटर स्थित दवा मार्केट में एक युवक का फिल्मी अंदाज में अपहरण करने का मामला सामने आया है। आरोपी काले रंग की बिना नंबर वाली स्कॉर्पियो से पहुंचे और दुकान के सामने मौजूद युवक को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए। घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस ने तलाश शुरू की और मंडला जिले में दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहृत युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया।



पुलिस के मुताबिक, गुजराती कॉलोनी बलदेवबाग निवासी सचिन नागदेव ने 10 नवंबर 2026 को ओमती थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। सचिन की सिविक सेंटर दवा मार्केट में एसएम फार्मा नाम से दुकान है। शिकायत के अनुसार, घटना वाले दिन शाम करीब 4:30 बजे उनके बड़े पिता का बेटा सिद्धार्थ नागदेव उनसे मिलने दुकान पर आया था। दोनों बातचीत कर रहे थे, तभी शाम करीब 5:30 बजे काले रंग की बिना नंबर वाली स्कॉर्पियो वहां पहुंची।


गाड़ी से अविरल सिंह ठाकुर और उसके साथ आए तीन-चार युवक उतरे। आरोपियों ने सिद्धार्थ के साथ गाली-गलौज की और उसे जबरदस्ती स्कॉर्पियो में बैठा लिया। सचिन ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी तेजी से गाड़ी लेकर फरार हो गए।

पैसों की मांग पूरी नहीं होने पर किया अपहरण

शिकायत के आधार पर ओमती पुलिस ने अपराध क्रमांक 613/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) और 296(ए) में मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने रुपयों की मांग की थी और मांग पूरी नहीं होने पर सिद्धार्थ का अपहरण कर लिया था।

मंडला में दबिश देकर चारों आरोपी पकड़े

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने अपहृत युवक को जल्द बरामद करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ और नगर पुलिस अधीक्षक सोनू कुर्मी के मार्गदर्शन में निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने तलाश करते हुए मंडला जिले के टिकुरिया थाना क्षेत्र में दबिश दी। यहां से चारों आरोपियों को स्कॉर्पियो वाहन सहित पकड़ लिया गया। उनके कब्जे से अपहृत सिद्धार्थ नागदेव को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

ये चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में अविरल उर्फ स्वराज सिंह सेंगर (25), निवासी सिविल लाइन, इमरान खान (24), निवासी बजरंग कॉलोनी, मैकेनिक जोन के पास, आकाश छिपेलकर (26), निवासी इंद्र मार्केट, राम मंदिर के सामने और ऋषभ पटेल (25), निवासी सिविल लाइन को गिरफ्तार किया है।

स्कॉर्पियो, दो चाकू और पांच मोबाइल जब्त

आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की स्कॉर्पियो, दो चाकू और पांच मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 119(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 भी बढ़ाई है।

चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई में अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp