जबलपुर। शंकर शाह नगर में पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों द्वारा एक परिवार के घर पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आधा दर्जन से अधिक हमलावर चाकू, रॉड और पिस्तौल लेकर पहुंचे और घर पर जमकर पथराव किया। इस दौरान घर के बाहर खड़े चार वाहनों में तोड़फोड़ की गई। घर के अंदर मौजूद महिला और उसके दो नाबालिग बच्चों ने छिपकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, पीडब्ल्यूडी मंदिर के सामने खेत के पास रहने वाले शेखर चक्रवर्ती के घर पर शाम करीब 6:30 बजे हमला किया गया। घटना के समय घर में उनकी पत्नी रिंकी चक्रवर्ती और 11 व 14 साल के दो बच्चे मौजूद थे। आरोप है कि छोटू बेन, सोनू बेन, आशीष बेन, पिल्लू बेन, वंश बेन और गब्बर बेन अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और पथराव शुरू कर दिया।
चार वाहनों में की जमकर तोड़फोड़
हमलावरों ने घर परिसर में खड़ी महिंद्रा बोलेरो, लोडिंग वाहन, ऑटो लोडिंग और एक्सेस स्कूटी को निशाना बनाया। आरोपियों ने वाहनों के कांच और अन्य हिस्सों को तोड़कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा परिसर में बने तीन से चार कमरों में भी तोड़फोड़ की गई और वहां रखा सामान बिखेर दिया गया।
पुरानी रंजिश में हमला करने का आरोप
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों के साथ पहले भी विवाद हो चुका था। इसी रंजिश के चलते हमला किया गया। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर छिप गए थे। पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए।
इलाके में बढ़ी दहशत, गश्त बढ़ाने की मांग
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार आपराधिक गतिविधियों के कारण डर का माहौल बना हुआ है। बताया गया कि पास के सेठी नगर में हुई हत्या की घटना के बाद भी इलाके में तनाव बना हुआ है। इस घटना के बाद रहवासियों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।


