जबलपुर। नरसिंहपुर जिले में करीब सात साल पहले हुई पुलिस मुठभेड़ में दो युवकों की मौत के मामले की जांच अब सीबीआई करेगी। मध्य प्रदेश सरकार के गृह विभाग ने 4 नवंबर को राजपत्र में अधिसूचना जारी कर इस मामले की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी को सौंपने की मंजूरी दे दी है।
यह घटना 19 अगस्त 2019 को सुआतला थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के पास हुई थी। पुलिस की कार्रवाई में विजय यादव और समीर खान की मौत हो गई थी। पुलिस ने इसे मुठभेड़ बताया था, लेकिन मृतकों के परिवारों ने पुलिस की इस कहानी पर सवाल उठाए थे। परिजनों का आरोप था कि यह मुठभेड़ फर्जी थी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
विधानसभा चुनाव के दौरान हुई थी सीबीआई जांच की घोषणा
इस मामले में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधानसभा चुनाव के दौरान सीबीआई जांच कराने की घोषणा की थी। हालांकि, घोषणा के बाद भी सरकारी स्तर पर जांच सौंपने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई थी। अब सात साल बाद गृह विभाग की ओर से इसकी औपचारिक मंजूरी दी गई है।
साजिश से लेकर पूरी घटना की होगी जांच
सरकार ने दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम 1946 की धारा 6 के तहत सीबीआई को जांच की अनुमति दी है। अब केंद्रीय एजेंसी घटना से जुड़े अपराध, उसमें किसी की भूमिका और संभावित साजिश की जांच कर सकेगी।
इस मामले में पुलिस की कार्रवाई सही थी या नहीं और दोनों युवकों की मौत किन परिस्थितियों में हुई थी, इसकी जानकारी सीबीआई की जांच के बाद सामने आएगी।
