जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर में 34 वर्षीय युवक की गोली लगने से मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, युवक ने खुद को गोली मारी है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सीएसपी आशीष जैन ने बताया कि मृतक की पहचान प्रयाग नायर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना से पहले युवक का परिवार के लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद उसने खुद को गोली मार ली। हालांकि, विवाद किस बात पर हुआ था और युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
घटना की जांच के लिए पुलिस ने एफएसएल और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए, ताकि घटना से जुड़ी जानकारी मिल सके।
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। मौत के पीछे की असली वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

