जबलपुर। गोरखपुर इलाके के सेठीनगर में सोमवार को दो युवकों के बीच चल रहा पुराना विवाद जानलेवा बन गया। कहासुनी के दौरान केशु बेन ने आदित्य बेन उर्फ अड्डू पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल आदित्य की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच पहले से दुश्मनी थी। सोमवार को किसी बात को लेकर आमना-सामना होने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई। इसी दौरान चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है। घायल आदित्य को परिजन और अन्य लोग मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमत ने बताया कि घटना में शामिल दोनों युवकों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उनके खिलाफ थाने में पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और हत्या की वारदात किन परिस्थितियों में हुई।
