भोपाल। देवास जिले के खातेगांव में शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक को रोकने की कोशिश के दौरान थाना प्रभारी दिलीप पुरी की जान चली गई। ट्रक की चपेट में आने के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव बरमंड में शोक की लहर दौड़ गई।
दिलीप पुरी का बचपन बरमंड गांव में ही बीता था। उन्होंने शुरुआती पढ़ाई गांव के स्कूल से पूरी की और हायर सेकंडरी के बाद आगे की शिक्षा हासिल की। वर्ष 2007 में उनका चयन पुलिस विभाग में हुआ था। ग्रामीणों के अनुसार पुलिस में भर्ती होने से पहले दिलीप पुरी बच्चों को पढ़ाने का काम भी करते थे। पुलिस सेवा के दौरान उनकी पहचान कर्तव्यनिष्ठ और जिम्मेदार अधिकारी के रूप में बनी।
जानकारी के मुताबिक, खातेगांव थाना प्रभारी को शराब तस्करी में इस्तेमाल होने वाले एक ट्रक की सूचना मिली थी। पुलिस टीम के साथ वे ट्रक को रोकने पहुंचे। उन्होंने चालक को वाहन से नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन चालक ने ट्रक रोकने के बजाय उसे डिवाइडर पर चढ़ाते हुए आगे बढ़ा दिया। इसी दौरान दिलीप पुरी ट्रक की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का जायजा लिया। घटना को लेकर पुलिस विभाग में भी गहरा शोक है। खातेगांव थाने में दिवंगत थाना प्रभारी को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने परिवार को एक करोड़ रुपये की सहायता देने की घोषणा की
थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने दिवंगत अधिकारी के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही उनकी पत्नी को उपनिरीक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ड्यूटी के दौरान अधिकारी की मौत बेहद दुखद है। सरकार इस मुश्किल समय में उनके परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जांच को गंभीरता से लेते हुए स्पेशल डीजी उपेंद्र जैन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है।
उप मुख्यमंत्री ने भी जताया दुख
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भी दिलीप पुरी के निधन पर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी ने पुलिस सेवा में पूरी ईमानदारी, साहस और जिम्मेदारी के साथ काम किया।
देवड़ा ने देवास कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। घटना के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
