जबलपुर। शहर में नशे के कारोबार को अंजाम देने के लिए तस्कर अब महंगी गाड़ियों का सहारा ले रहे हैं। ऐसे ही दो अलग-अलग मामलों में क्राइम ब्रांच और तिलवारा व गोहलपुर पुलिस की टीमों ने कार्रवाई करते हुए स्मैक के साथ तीन लोगों को पकड़ा है। एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से भाग निकला। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मादक पदार्थ, नकदी, मोबाइल और वाहन जब्त किए हैं।
ब्रेजा कार में सवार दो युवकों से मिली स्मैक
तिलवारा पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की संयुक्त टीम जबलपुर-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम जोधपुर पड़ाव के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान चरगवां की ओर से लाल रंग की ब्रेजा कार क्रमांक एमपी 20 सीजी 0401 आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने गाड़ी वापस मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे रोक लिया।
कार में राहुल साहू निवासी गोहलपुर और विकास पटेल निवासी कटंगी बैठे मिले। तलाशी के दौरान दोनों की पैंट की जेब से अलग-अलग कागज की पुड़िया में स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में उन्होंने गोटेगांव के एक व्यक्ति से मादक पदार्थ खरीदकर फुटकर बिक्री के लिए लाना बताया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 11 ग्राम स्मैक, 17 हजार 330 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल की गई ब्रेजा कार जब्त की।
रद्दी चौकी पर एक आरोपी पकड़ा, साथी फरार
दूसरी कार्रवाई गोहलपुर थाना क्षेत्र के रद्दी चौकी इलाके में हुई। पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। घेराबंदी कर उसे पकड़ने पर उसकी पहचान सज्जाद खान निवासी गोटेगांव के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से 3.44 ग्राम स्मैक पाउडर मिला।
पूछताछ में सज्जाद ने बताया कि वह गोटेगांव नया बाजार निवासी मोनू चौधरी के साथ लाल रंग की बिना नंबर वाली मोटरसाइकिल से स्मैक बेचने आया था। दोनों रद्दी चौकी के पास ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। पुलिस को देखकर मोनू मौके से भाग गया।
दोनों मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ जब्त किया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को स्मैक कहां से मिल रही थी और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।

