जबलपुर। बिलहरी क्षेत्र में डीमार्ट के पास बुधवार को सवारियों से भरी एक ऑटो रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद उसमें बैठे यात्री अंदर ही फंस गए, जबकि कुछ लोग ऑटो के नीचे दब गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा की नजर दुर्घटना पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और बचाव कार्य में जुट गए।
कलेक्टर ने मौके पर मौजूद लोगों की मदद से पलटी हुई ऑटो रिक्शा को सीधा करवाया। इसके बाद उसमें फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। दुर्घटना में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाने के लिए कलेक्टर ने पीछे से आ रहे खनिज विभाग के वाहन को रुकवाया और उसी से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।
छह लोग थे ऑटो में सवार
जानकारी के अनुसार, ऑटो रिक्शा में चालक सहित कुल छह लोग सवार थे। इनमें तीन महिलाएं, एक बच्चा और एक पुरुष शामिल थे। हादसे में एक महिला और एक बच्चे सहित कुल चार लोगों को चोटें आईं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में उपचार के दिए निर्देश
घायलों को अस्पताल रवाना कराने के साथ ही कलेक्टर ने जिला अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी को फोन कर उनके इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों को जल्द और समुचित उपचार उपलब्ध कराने को कहा।
हादसे के समय कलेक्टर के मौके पर रुकने और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर यात्रियों को बाहर निकालने से बचाव कार्य में मदद मिली। दुर्घटना के बाद घायलों को बिना देरी किए अस्पताल पहुंचाया गया।
