जबलपुर। त्योहारों के दौरान बाजार में बिकने वाली मिठाइयों और मावे की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को राजस्व और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने सिहोरा और पाटन में मिठाई व मावा की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान अलग-अलग प्रतिष्ठानों से कई खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत टीम ने सबसे पहले सिहोरा में दुकानों की जांच की। यहां विजय स्वीट्स से मिल्क केक, शिवम स्वीट्स से सलोनी और बर्फी तथा बीकानेर स्वीट्स से मावे का नमूना लिया गया।
इसके बाद अधिकारियों की टीम पाटन पहुंची। यहां बडू खोवा से खोवा के दो नमूने लिए गए। बीकानेर स्वीट्स से मिठाई और मावे के चार, नेमा स्वीट्स से मिठाई के दो तथा कृष्णा स्वीट्स से मिठाई के दो नमूने एकत्र किए गए।
भोपाल की प्रयोगशाला में होगी जांच
अधिकारियों के अनुसार, सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। वहां से रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता की स्थिति स्पष्ट होगी।
यदि जांच में कोई नमूना निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और लागू नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारों के समय मिठाइयों और मावे की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावट की आशंका को देखते हुए विभाग ने दुकानों की जांच और नमूने लेने की प्रक्रिया शुरू की है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

