akhbaar update

भेड़ाघाट चौराहे पर डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, 20 मीटर तक घिसटता गया युवक; बिना नंबर प्लेट दौड़ रहा था वाहन

 


जबलपुर। भेड़ाघाट चौराहे पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद युवक बाइक समेत डंपर के नीचे फंस गया और सड़क पर करीब 20 मीटर तक घिसटता चला गया। मौके पर मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, युवक बाइक क्रमांक एमपी 20 जेडजी 4708 से जबलपुर की ओर जा रहा था। सुबह करीब 11:30 बजे भेड़ाघाट चौराहे पर सामने से आ रहे डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक वाहन के नीचे फंस गया। हादसे में उसके पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद करते हुए डंपर के नीचे फंसे युवक को बाहर निकाला।

बताया जा रहा है कि डंपर नर्मदा नदी से रेत लेकर शहर की ओर आ रहा था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने रेत से भरे डंपर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है।

डंपर पर आगे-पीछे नंबर प्लेट नहीं

हादसे के बाद डंपर की नंबर प्लेट को लेकर भी सवाल उठे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वाहन के आगे और पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी थी। हालांकि, उसके साइड में पीले रंग से कुछ अंक लिखे हुए थे, लेकिन वे स्पष्ट नजर नहीं आ रहे थे। लोगों ने सवाल उठाया कि बिना स्पष्ट नंबर प्लेट के भारी वाहन सड़कों पर कैसे चल रहे हैं।

रेत और मिट्टी के परिवहन पर भी उठे सवाल

स्थानीय लोगों ने सरस्वती घाट क्षेत्र में रात के समय भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर भी चिंता जताई है। उनका आरोप है कि यहां से बिना नंबर प्लेट वाले हाईवा और ट्रकों के जरिए रातभर रेत और पीली मिट्टी का उत्खनन तथा परिवहन किया जाता है। लोगों ने खनिज विभाग और पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इस गतिविधि पर रोक लगाने की मांग की है।

फिलहाल हादसे में घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है। बिना नंबर प्लेट वाले डंपर और कथित अवैध परिवहन के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp