जबलपुर। धनतेरस और दीपावली के त्योहार को देखते हुए पुलिस ने अवैध रूप से पटाखे बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर के रिहायशी इलाकों में बिना लाइसेंस पटाखों की दुकान चलाने वाले चार लोगों को पुलिस ने पकड़ा है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पटाखों के कई पैकेट और पेटियां जब्त की हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामले दर्ज किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए थे कि रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से पटाखे बेचने और विस्फोटक सामग्री रखने वालों की पहचान कर कार्रवाई की जाए। इसी के तहत गढ़ा, बेलबाग और लार्डगंज पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।
गढ़ा में दो जगह पकड़े गए दुकानदार
गढ़ा पुलिस ने 4 नवंबर को काजी मोहल्ले में कार्रवाई करते हुए अब्दुल रहमान (36) को पकड़ा। वह बिना लाइसेंस पटाखे बेच रहा था। पुलिस ने उसके पास से बम, लक्ष्मी बम, अनार, फुलझड़ी, चकरी और रॉकेट सहित कई तरह के पटाखे जब्त किए। जब्त सामग्री की कीमत करीब 1800 रुपये बताई गई है।
इसी थाना क्षेत्र में अरिहंत बुक डिपो के पास भी पुलिस ने छापा मारा। यहां आगम जैन (19) के पास से दो पेटियों में रखे करीब एक हजार पाइप बम मिले। पुलिस ने पटाखे जब्त कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया।
गुरंदी बाजार और सर्वोदय नगर में भी कार्रवाई
बेलबाग पुलिस ने गुरंदी बाजार में छावड़ा अस्पताल तिराहे के पास विनय सोनकर (36) की दुकान पर जांच की। वह गुलाल की दुकान में बिना लाइसेंस पटाखे बेच रहा था। पुलिस ने उसके पास से 20 पैकेट माचिस बम जब्त किए, जिनकी कीमत करीब 1500 रुपये बताई गई है।
वहीं लार्डगंज पुलिस ने सर्वोदय नगर में वासु चिकन शॉप के सामने कार्रवाई की। यहां एम. श्रीनिवास उर्फ वासु (38) बिना लाइसेंस पटाखे बेचते मिला। पुलिस ने उसके पास से म्यूजिक बम और अन्य तरह के कुल 221 पैकेट पटाखे जब्त किए।
पुलिस ने दर्ज किए मामले
पुलिस के अनुसार, चारों स्थानों पर बिना अनुमति पटाखों की बिक्री की जा रही थी। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने त्योहार के दौरान लोगों की सुरक्षा को देखते हुए दुकानदारों से नियमों का पालन करने की अपील की है। साथ ही रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से पटाखे रखने और बेचने वालों पर निगरानी जारी रखने की बात कही है।

