जबलपुर। आधारताल इलाके में धनतेरस की रात घर लौट रहे बर्तन व्यापारी पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। तीन बाइकों पर आए पांच से छह युवकों ने व्यापारी की बाइक रोककर उन पर चाकू से कई वार किए। व्यापारी को बचाने पहुंचे कर्मचारी पर भी बदमाशों ने हमला कर दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से भाग निकले। घायल व्यापारी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, आधारताल निवासी बर्तन व्यापारी विशेष आहत की जयप्रकाश नगर में दुकान है। दीपावली और धनतेरस के कारण इन दिनों दुकान देर रात तक खुल रही थी। गुरुवार रात करीब साढ़े तीन बजे व्यापारी दुकान बंद करके अपने कर्मचारी के साथ बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान तीन बाइकों पर सवार युवक रास्ते में पहुंचे और उनकी बाइक रुकवा दी।
व्यापारी ने जब युवकों से रास्ता रोकने की वजह पूछी तो एक बदमाश चाकू लेकर उनके पास पहुंचा और हमला शुरू कर दिया। व्यापारी पर लगातार कई वार किए गए। उन्हें बचाने के लिए कर्मचारी आगे आया तो बदमाशों ने उसे भी चाकू मार दिया।
पीठ, गर्दन और हाथ पर आए गंभीर घाव
हमले में व्यापारी की पीठ, गर्दन और हाथ में चाकू लगे हैं। वारदात के बाद कर्मचारी ने एंबुलेंस के लिए 108 पर सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यापारी को अस्पताल पहुंचाया गया। त्योहार के समय हुई इस घटना से इलाके के व्यापारियों में चिंता का माहौल है।
सीसीटीवी से आरोपियों की तलाश
आधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के अनुसार, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देख रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। शुरुआती जानकारी में व्यापारी और युवकों के बीच कहासुनी के बाद हमला होने की बात सामने आई है। हालांकि, हमले की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
