जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र में होटल के बाहर से चोरी हुई यामाहा आर-15 बाइक को उसके मालिक और दोस्तों ने कुछ ही घंटों में तलाश लिया। युवकों ने शहर में बाइक की तलाश करते हुए तीन पत्ती चौक के पास एक युवक को बाइक के साथ पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
गुप्तेश्वर निवासी विकास विश्वकर्मा सोमवार देर रात करीब 12 बजे दोस्तों के साथ खाना खाने जमघट होटल गए थे। खाना खाने के बाद जब वे होटल से बाहर आए तो वहां खड़ी उनकी यामाहा आर-15 बाइक नहीं मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी बाइक का पता नहीं चला तो विकास ने मदन महल थाने पहुंचकर इसकी शिकायत की।
शिकायत दर्ज कराने के बाद विकास और उसके दोस्त बाइक की तलाश में खुद भी निकल पड़े। उन्होंने छोटी ओमती, ओमती, बस स्टैंड सहित आसपास के इलाकों में बाइक को ढूंढना शुरू किया। इसी दौरान तीन पत्ती चौक के पास उन्हें एक युवक संदिग्ध हालत में वही आर-15 बाइक चलाते हुए दिखाई दिया।
युवकों ने उसे रोककर बाइक की पहचान की और मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। बाइक भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है। आरोपी से पूछताछ कर पुलिस चोरी की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।