akhbaar update

ऑटो में बैठते ही महिला का मंगलसूत्र गायब, चालक समेत सवारियों पर शक

 


जबलपुर। लेबर चौक से दीनदयाल चौक जाने के लिए ऑटो में बैठी महिला का सोने का मंगलसूत्र चोरी हो गया। महिला अपनी ननद और तीन साल के बच्चे के साथ ऑटो में सवार हुई थी। रास्ते में चालक ने उसे न्यू आदर्श कॉलोनी के गेट के पास उतार दिया। ऑटो के वहां से निकलने के बाद महिला ने गले पर हाथ लगाया तो मंगलसूत्र गायब था। इसके बाद उसने लार्डगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस के अनुसार गुलौआ चौक निवासी श्रद्धा दीक्षित निजी काम करती हैं। शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह अपनी ननद पूजा और तीन साल के बेटे के साथ स्नेहनगर से पैदल मेहता पेट्रोल पंप तक पहुंची थीं। पेट्रोल पंप के सामने उन्हें एक ऑटो मिला, जिसमें पहले से तीन महिलाएं और एक छोटा बच्चा बैठे हुए थे। दीनदयाल बस स्टैंड जाना था, इसलिए श्रद्धा भी अपने परिवार के साथ ऑटो में बैठ गईं।

ऑटो चालक लेबर चौक की ओर से अंदर की तरफ गया और न्यू आदर्श कॉलोनी के गेट के सामने श्रद्धा को उतार दिया। चालक ने कहा कि ऑटो में बैठी अन्य सवारियों को दूसरी जगह जाना है और इसके बाद वह ऑटो लेकर वहां से चला गया। ऑटो के जाने के कुछ देर बाद श्रद्धा ने अपना गला देखा तो सोने का लंबा मंगलसूत्र गायब मिला।

महिला ने आशंका जताई कि ऑटो में बैठी सवारियों या किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौका देखकर मंगलसूत्र चोरी किया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला जांच में लिया है। पुलिस ऑटो चालक और उसमें सवार अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp