जबलपुर। मॉर्निंग वॉक पर निकले आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक को बाइक सवार दो बदमाशों ने निशाना बनाकर मोबाइल लूट लिया। वारदात शनिवार सुबह टैगोर उद्यान पंप हाउस के पास हुई। घटना के बाद दोनों आरोपी टैगोर उद्यान की ओर फरार हो गए। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
मोबाइल देखते समय बदमाशों ने मारा झपट्टा
पुलिस के मुताबिक सुभाष कॉलोनी, सिविल लाइंस निवासी राजीव लोचन (40) आरपीएफ में एएसआई हैं। शनिवार सुबह वे मोबाइल पर वीडियो देखते हुए पैदल मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान वे टैगोर उद्यान पंप हाउस के पास पहुंचे।
तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनके करीब आए। राजीव कुछ समझ पाते, इससे पहले ही पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से टैगोर उद्यान की तरफ भाग निकले।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलने के बाद कैंट पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार बदमाशों की पहचान की जा सके। आरोपियों के भागने वाले रास्ते की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
